61 लाख से अधिक मूल्य की अंग्रेजी शराब समेत हजारों लीटर मदिरा की गई नष्ट
(अशोक कुमार सिंह)सोनभद्र। जनपद में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन दहन” के तहत रविवार को पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में थाना करमा परिसर में वर्षों से लंबित 71 मुकदमों से संबंधित माल (अवैध शराब) का विधिक निस्तारण कर उसे पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
भारी मात्रा में शराब हुई जमींदोज
अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल व क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में हुई इस कार्यवाही में भारी मात्रा में शराब को गड्ढे में दबाकर नष्ट किया गया।
पर्यावरणीय मानकों का रखा गया ध्यान
थाना करमा परिसर में सक्षम मजिस्ट्रेट और राजपत्रित अधिकारियों की मौजूदगी में विधिक प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस प्रशासन ने बताया कि शराब को नष्ट करने के लिए परिसर में गहरा गड्ढा खुदवाया गया था। कार्यवाही के दौरान पर्यावरणीय मानकों का पूरी तरह पालन किया गया ताकि किसी भी प्रकार का प्रदूषण न हो और नष्ट की गई शराब का पुनः दुरुपयोग न किया जा सके।
अपराधियों में हड़कंप
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि “ऑपरेशन दहन” का मुख्य उद्देश्य थानों के मालखानों में वर्षों से लंबित पड़े मुकदमाती माल का निस्तारण करना और अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसना है। थाना करमा पुलिस की इस प्रभावी कार्यवाही से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के विरुद्ध भविष्य में भी इसी तरह की कठोर कार्यवाही जारी रहेगी।

