सोनभद्र की बेटी खुशबू रानी ने बढ़ाया मान: UPPSC में बनीं असिस्टेंट कमिश्नर, अभ्युदय योजना से मिली सफलता

सोनभद्र (रँगेश सिंह): जनपद के घोरावल तहसील अंतर्गत तिलौली गांव की एक होनहार बेटी ने अपनी मेहनत और लगन से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। तिलौली गांव निवासी राम गोपाल गुप्ता की सुपुत्री खुशबू रानी का चयन उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) 2024 की परीक्षा में असिस्टेंट कमिश्नर (कमर्शियल टैक्स) के प्रतिष्ठित पद पर हुआ है।
नवोदय से शुरू हुआ सफर, UPPSC पर लगा मुकाम
खुशबू रानी की शुरुआती शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय से हुई, जिसने उनकी सफलता की मजबूत नींव रखी। इसके बाद उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) और इलाहाबाद विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से उच्च शिक्षा प्राप्त की। खुशबू ने अपनी इस बड़ी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के अटूट विश्वास, परिजनों के सहयोग और गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया है।


सरकार की ‘अभ्युदय योजना’ का दिखा असर


बेटी की सफलता पर भावुक होते हुए पिता राम गोपाल गुप्ता की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। उन्होंने बताया कि खुशबू की इस उपलब्धि में उत्तर प्रदेश सरकार की ‘मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना’ का बड़ा योगदान रहा है। इस योजना के तहत मिली निशुल्क और गुणवत्तापूर्ण कोचिंग ने खुशबू के सपनों को पंख दिए। उन्होंने कहा, “यह सफलता सिर्फ कठिन परिश्रम का नतीजा नहीं है, बल्कि यह उन सभी बेटियों के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों में भी आसमान छूने का जज्बा रखती हैं।”


क्षेत्र में खुशी की लहर


परीक्षा परिणाम घोषित होते ही जैसे ही खुशबू के चयन की खबर तिलौली गांव पहुँची, वहां उत्सव का माहौल हो गया। ग्रामीणों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने राम गोपाल गुप्ता के आवास पर पहुँचकर उन्हें बधाई दी। लोगों का कहना है कि खुशबू ने न केवल अपने परिवार का, बल्कि पूरे सोनभद्र जिले का गौरव बढ़ाया है।

“खुशबू की यह सफलता हर उस लड़की के लिए एक मिसाल है जो विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सपनों को सच करना चाहती है।”

ये भी पढ़िए