एसपी ने किया शाहगंज थाने का औचक निरीक्षण, लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश

सर्किल घोरावल के विवेचकों का अर्दली रूम आयोजित कर परखी प्रगति

सोनभद्र (ब्यूरो)। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शनिवार को सर्किल घोरावल के थानों का अर्दली रूम लेकर लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विवेचकों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के कड़े निर्देश दिए। इसके पश्चात एसपी ने थाना शाहगंज का आकस्मिक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
शनिवार को थाना शाहगंज परिसर में आयोजित संयुक्त अर्दली रूम में सर्किल घोरावल के अंतर्गत आने वाले थाना शाहगंज, घोरावल और करमा के पुलिस अधिकारी व विवेचक शामिल हुए। क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पाण्डेय की मौजूदगी में एसपी ने पुलिस कर्मियों की समस्याओं को सुना। उन्होंने लंबित मामलों की प्रगति जानते हुए कहा कि विवेचनाओं में निष्पक्षता और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए उन्होंने पुलिस कर्मियों को अनुशासन और बेहतर पुलिसिंग का पाठ पढ़ाया। अर्दली रूम के बाद एसपी अभिषेक वर्मा ने शाहगंज थाने का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने थाना कार्यालय के अभिलेखों, मालखाना, हवालात, सीसीटीवी कैमरों, शस्त्रागार, बैरक और भोजनालय का सूक्ष्म अवलोकन किया। परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

महिला व साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान एसपी ने ‘मिशन शक्ति केंद्र’ और ‘साइबर हेल्प डेस्क’ की कार्यप्रणाली की विशेष समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि महिला अपराधों से जुड़े मामलों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की जाए। महिला सहायता डेस्क को और सक्रिय कर पीड़ित महिलाओं को तत्काल सम्मानजनक सहायता पहुंचाई जाए। इसके साथ ही साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन अपराधों की शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेने तथा आमजन को जागरूक करने पर बल दिया। “जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित निस्तारण, पारदर्शी पुलिसिंग और जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ये भी पढ़िए