(अशोक कुमार सिंह)सोनभद्र। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी रवि सिंह यादव को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। समाजवादी पार्टी कार्यालय, सोनभद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सहयोग राशि का चेक सौंपकर रवि सिंह यादव को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर समाजवादी अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष व्यास जी गौड़, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रवि गौड़ तथा समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष राम निहोर यादव ने रवि सिंह यादव के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नेताओं ने कहा कि रवि सिंह यादव ने विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में 37 देशों के खिलाड़ियों के बीच भारत का प्रतिनिधित्व कर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है।

वह उत्तर प्रदेश के पहले ताइक्वांडो खिलाड़ी हैं जिन्होंने वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर यह उपलब्धि हासिल की। वक्ताओं ने बताया कि रवि सिंह यादव इससे पहले थाईलैंड में आयोजित ताइक्वांडो प्रतियोगिता में कांस्य पदक तथा नेपाल में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी भविष्य में भी रवि सिंह यादव के साथ खड़ी रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर हर संभव आर्थिक सहयोग प्रदान करेगी।
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष राम भरोसे सिंह पटेल, श्याम बिहारी यादव, संजय यादव, विजय यादव, पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा, रमेश चंद दुबे, परमेश्वर दयाल, वीरेंद्र यादव सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


