(ऋषभ सिंह)सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई/जनता दर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, साइबर अपराध, गुमशुदगी तथा राजस्व संबंधी मामलों सहित विभिन्न शिकायतें प्राप्त हुईं।
पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों की तथ्यपरक जांच कर पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की जानकारी समय-समय पर दी जाए तथा उनके साथ संवेदनशील और जिम्मेदार व्यवहार किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनावश्यक विलंब या उत्पीड़न पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिन मामलों में तत्काल हस्तक्षेप आवश्यक है, उनमें प्राथमिकता के आधार पर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को शीघ्र न्याय मिल सके।

