तीन बच्चों की हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज लोढ़ी रेफर; गांव में दहशत
घोरावल (ऋषभ सिंह)सोनभद्र। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के दीवा गांव में रविवार सुबह एक आवारा कुत्ते ने घर के पास खेल रहे बच्चों पर अचानक हमला कर दिया। इस घटना में दो सगी बहनों समेत पांच बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। कुत्ते ने बच्चों के हाथ, पैर और सिर पर काटकर उन्हें लहूलुहान कर दिया। सभी घायलों को तत्काल घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन बच्चों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लोढ़ी रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार दीवा गांव निवासी फिरोज की पुत्री परी (3) और उसकी बहन सोफिया (9), रामनिहोर का पुत्र विशाल (9), पुनाखा गांव निवासी अरविंद पाल की पुत्री आकृति (5) तथा डोमखरी गांव निवासी गुड्डू का पुत्र सत्यम पाल (4) सहित कई बच्चे गांव में पेड़ के नीचे खेल रहे थे। इसी दौरान एक आवारा कुत्ता वहां पहुंचा और अचानक बच्चों पर हमला कर दिया।
कुत्ते के हमले से बच्चों में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद कुत्ते को वहां से भगाया। तब तक कुत्ता पांच बच्चों को घायल कर चुका था।
घटना के बाद परिजन सभी बच्चों को आनन-फानन में घोरावल सीएचसी लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने सभी घायलों को एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई और प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार विशाल, आकृति और सत्यम को कुत्ते ने कई जगह गंभीर रूप से काटा है, इसलिए उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लोढ़ी रेफर किया गया।
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या पर प्रभावी कार्रवाई करने और गांव में अभियान चलाकर ऐसे कुत्तों को पकड़वाने की मांग की है।

