(ऋषभ सिंह)सोनभद्र : जिलाधिकारी सोनभद्र के निर्देशानुसार मोहर्रम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु जनपद में व्यापक सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। चंद्र दर्शन के अनुसार इस वर्ष मोहर्रम का मुख्य आयोजन दिनांक 26 जून 2026 को होगा। मोहर्रम के अवसर पर निकलने वाले ताजिया एवं अलम जुलूसों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी को देखते हुए जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से राबर्ट्सगंज, दुद्धी एवं शाहगंज क्षेत्र को कुल तीन सुपर जोन, तीन जोन तथा दस सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक क्षेत्र में सुपर जोनल, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है।
राबर्ट्सगंज सुपर जोन में उप जिलाधिकारी श्री अश्वनी कुमार यादव को सुपर जोनल मजिस्ट्रेट तथा पुलिस उपाधीक्षक नगर श्री रणधीर मिश्र को पुलिस अधिकारी नामित किया गया है। यहां शीतला मंदिर चौराहा, पुरानी मस्जिद, नई मस्जिद एवं नई बस्ती क्षेत्र को चार सेक्टरों में विभाजित कर श्री महेंद्र मौर्य, श्री सुधांशु शेखर शर्मा, श्री विशाल कुमार पासवान तथा श्री मनोज कुमार मिश्रा को सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।
दुद्धी सुपर जोन में उप जिलाधिकारी श्री निखिल यादव को सुपर जोनल मजिस्ट्रेट एवं पुलिस उपाधीक्षक दुद्धी श्री राजेश कुमार राय को पुलिस अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अमवार तिराहा, म्योरपुर तिराहा, संकट मोचन मंदिर तिराहा तथा मल्देवा चौक एवं ठठेरी तिराहा क्षेत्र में क्रमशः श्री संजय कुमार, श्री मनोज कुमार सिंह, श्री नागेन्द्र कुमार भारती एवं श्री प्रेमशंकर राम को सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।
शाहगंज सुपर जोन में उप जिलाधिकारी घोरावल श्री आशीष कुमार त्रिपाठी को सुपर जोनल मजिस्ट्रेट तथा पुलिस उपाधीक्षक घोरावल को पुलिस अधिकारी नामित किया गया है। राजपुर, सिकरी, जमगांव तथा कस्बा शाहगंज क्षेत्र में श्री विदित कुमार तिवारी एवं श्री अरविंद कुमार पटेल को सेक्टर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी दी गई है।
जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया है कि सभी नामित जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट 26 जून को प्रातः 10 बजे से सायं 6 बजे तक अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में उपस्थित रहकर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना सुनिश्चित करेंगे। संबंधित उप जिलाधिकारी अपने क्षेत्र में अतिरिक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती कर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।
अपर जिलाधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय/ऑपरेशन को जनपद के समस्त संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांति के साथ मनाने की अपील की है।

