मांगें पूरी होने पर महिला के शव का किया दाह संस्कार
(प्रवीण तिवारी)अंबेडकरनगर : जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के नसोपुर गांव में विवाद के बाद घायल महिला की सडक़ हादसे में इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में घटना के तीसरे दिन भी मृतका का शव रख कर अपनी कई मांगों को लेकर परिजन डटे रहे। जिलाधिकारी की तरफ से गठित राजस्व टीम के नेतृत्व में भारी गहमागहमी के बीच एसडीएम भीटी सदानंद सरोज व एसडीएम जलालपुर पवन कुमार जायसवाल की देखरेख में हुई विवादित जमीन की पैमाईश के बाद दलित के पट्टा की जमीन का रकबा पूरा कर दिया गया।करीब तीन फीट का अंतर मिलने पर लेखपाल दुर्गा सिंह को निलंबित कर दिया गया है। कानूनगो शिवपूजन के विरुद्ध निलंबन के लिए जिला अधिकारी को पत्र लिखा गया इनकी मांग के अनुसार हल्का लेखपाल और राजस्व निरीक्षक को निलंबित करने और कोतवाल के विरुद्ध विभागीय जांच की संस्तुति के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए। लेखपाल के निलंबन पत्र मिलने के बाद परिजनों ने देर शाम करीब 6:30 बजे शव को ले जाकर अंतिम संस्कार किया। मामला जलालपुर कोतवाली के नसोपुर गांव का है। जहां परिजन महिला का शव घर पर रखकर बगैर अपनी मांग माने बिना दाह संस्कार को तैयार नहीं थे। शुक्रवार की सुबह बारिश के बीच पैमाईश शुरू की गई और शाम जो पट्टा शुदा जमीन की पैमाईश पूरी हो गई। इसी कमी के आधार पर हल्का लेखपाल दुर्गा सिंह को निलंबित कर दिया गया है। उपजिलाधिकारी पवन कुमार जायसवाल ने बताया कि पीडित परिवार को शासन द्वारा आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। सीओ अजेय कुमार शर्मा ने बताया की शाम को अंतिम संस्कार किया गया।

