मुहर्रम पर अनपरा, बीना व शक्तिनगर में निकले ताजिया जुलूस, सौहार्द और भाईचारे की मिसाल बने आयोजन

अनपरा (सोनभद्र)। मुहर्रम के अवसर पर ऊर्जांचल के अनपरा, बीना, शक्तिनगर एवं खड़िया क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से पारंपरिक ताजिया जुलूस श्रद्धा, अनुशासन और धार्मिक आस्था के साथ निकाले गए। जुलूसों में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए और पूरे क्षेत्र में शांतिपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
जुलूस के दौरान युवाओं ने पारंपरिक हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए मार्गों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय लोगों ने जुलूस में शामिल लोगों के लिए शर्बत और पेयजल की व्यवस्था कर सेवा भाव का परिचय दिया। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस एवं प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क रहा। प्रशासन की निगरानी में सभी ताजिया जुलूस अपने निर्धारित मार्गों से होते हुए सकुशल डिबूलगंज कर्बला पहुंचे, जहां धार्मिक परंपराओं के अनुसार उनका समापन किया गया।
इस अवसर पर सभी समुदायों के लोगों ने आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल पेश की। आयोजन को सफल बनाने में ताजिया कमेटी के अयूब खान, नैयाला हफीज, फुलिल तथा जुल्फिकार अली सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जुलूस में अनपरा नगर पंचायत के प्रथम चेयरमैन विश्राम प्रसाद बैसवार, बसपा नेता आशीष मिश्रा ‘बागी’, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मनीष श्रीवास्तव, शहजाद अली, राहत अली, अकबर अली, काजू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और कमेटी के सदस्य शामिल रहे।

ये भी पढ़िए