सोनभद्र। विंध्य कन्या महाविद्यालय के परिसर में रविवार को वरिष्ठ साहित्यकार स्व.ठाकुर प्रसाद सिंह का जन्म शताब्दी समारोह मनाया गया। डॉ. मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने स्व. ठाकुर प्रसाद को नमन करते हुए कहा कि वह प्रतिभा के धनी थे।
केंद्रीय मंत्री ने मां शारदा शिक्षा सेवा ट्रस्ट की ओर से दिया जाने वाला स्व. ठाकुर प्रसाद सिंह साहित्य गौरव सम्मान वरिष्ठ पत्रकार व लेखक डॉ. हेमंत शर्मा को प्रदान किया। उन्हें सम्मान पत्र, स्मृति चिह्न व 51 हजार रुपये दिए गए।
अनुप्रिया पटेल ने डॉ. हेमंत शर्मा को भी बधाई दी। उनकी लेखन शैली से नई पीढ़ी को सीखने के लिए प्रेरित किया। अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. वशिष्ठ अनूप ने डॉ. हेमंत शर्मा के बारे में कहा कि उन्होंने युद्ध में अयोध्या सहित कई किताबें लिखी हैं, लेकिन होलियाना मूड में जो लिखा है वो सांस्कृतिक रूप से दरिद्र हो रहे समाज को चेतावनी है। होली सिर्फ एक त्योहार नहीं है इसे हमें समझना होगा।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अंजली विक्रम सिंह ने उम्मीद जताई कि ठाकुर प्रसाद सिंह के नाम पर दिया जाने वाला यह सम्मान राष्ट्रीय स्तर का होगा। इस दौरान काॅलेज की छात्राओं ने वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत किया। अतिथियों के साथ डॉ. इंदीवर, डॉ. उमेश सिंह, मुख्य ट्रस्टी डॉ. अजय कुमार सिंह ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। संचालन भोलानाथ मिश्र ने किया। इस अवसर पर डाॅ. वी.सिंह, डाॅ. संजय सिंह, डाॅ. अनुपमा सिंह, रामनाथ शिवेंद्र, विनोद जालान आदि मौजूद रहे।

