सेवा संकल्प अभियान से जन-जन तक पहुंचेगा ‘विकसित भारत-2047’ का संदेश

सोनभद्र,। जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ प्रभावी और परिणामपरक बनाने को लेकर मंगलवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। प्रभारी मंत्री एवं राज्य मंत्री, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग हंसराज विश्वकर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में अभियान की तैयारियों और विभागवार कार्ययोजना की समीक्षा की गई।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रहे, बल्कि जनसेवा, जनकल्याण और जनभागीदारी का व्यापक आंदोलन बने। अभियान का प्रभाव ग्राम पंचायतों से लेकर नगरीय क्षेत्रों तक दिखाई देना चाहिए। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए अधिकारी संवेदनशीलता और सक्रियता से कार्य करें।
उन्होंने अभियान के दौरान रक्तदान शिविर, दिव्यांगजन कल्याण शिविर, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य एवं पोषण कार्यक्रम, शिक्षा एवं युवा संवाद, रोजगार एवं आजीविका से जुड़े कार्यक्रम तथा जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। इन कार्यक्रमों में युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, स्वयं सहायता समूहों, लाभार्थियों और आम नागरिकों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव और लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को भी अभियान की पहचान बनाया जाए। जनपद में हुए विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों को डिजिटल माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए, ताकि आमजन को योजनाओं और विकास कार्यों की वास्तविक जानकारी मिल सके।
भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने कहा कि अभियान को व्यापक स्वरूप देने के लिए जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और आमजन की सक्रिय सहभागिता जरूरी है। सेवा एवं जनकल्याण की भावना गांव-गांव तक पहुंचे और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का अभियान प्रभावी ढंग से चलाया जाए।
वहीं जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान के कार्यक्रम केवल औपचारिक आयोजन बनकर न रह जाएं, बल्कि उनका सकारात्मक परिणाम धरातल पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को समय से तैयारियां पूरी करने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने अभियान के दौरान अधिक से अधिक लाभार्थियों और आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ गतिविधियों, विकास कार्यों और लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को फोटो एवं वीडियो के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने सेवा संकल्प अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक होने वाली गतिविधियों, निर्धारित तिथियों, विभागवार दायित्वों और नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत, विकासखंड और जनपद स्तर पर स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, स्वच्छता, रोजगार, युवा सहभागिता, जनजागरूकता एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में एमएलसी विनीत कुमार सिंह, विधायक सदर के प्रतिनिधि विकास मिश्रा, विधायक घोरावल के प्रतिनिधि सुरेन्द्र मौर्य, अपर जिलाधिकारी वि./रा. वागीश कुमार शुक्ला, जिला विकास अधिकारी हेमन्त कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता के साथ अभियान को सफल बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा की भावना और ‘विकसित भारत-2047’ का संकल्प जन-जन तक पहुंचाना ही अभियान की वास्तविक सार्थकता है।

ये भी पढ़िए