हत्याकांड का खुलासा: प्रेमी ने ही उतारा था मौत के घाट

(ऋषभ सिंह)सोनभद्र : में एक युवती की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के बाद से फरार चल रहे आरोपी को बीजपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में जो खुलासा हुआ, उसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया। आरोपी ने कबूल किया है कि उसका मृतका के साथ प्रेम संबंध था, लेकिन शादीशुदा होने के कारण वह उससे शादी नहीं करना चाहता था। मृतका लगातार शादी का दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर आरोपी ने उसे हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली है।

सोनभद्र पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीजपुर पुलिस को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी जब हत्या के एक सनसनीखेज मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बकरिहवां-चेतवा मार्ग पर चेतवा मोड़ से करीब तीन सौ मीटर पहले घेराबंदी कर आरोपी लाला भैया उर्फ लाले पनिका निवासी सिसवां झापर थाना बभनी को दबोच लिया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या यूपी-64 एसी-3775 भी बरामद की। थाने लाकर जब आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने हत्या की पूरी कहानी पुलिस के सामने बयां कर दी।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका मृतका के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लेकिन वह पहले से शादीशुदा था। इसके बावजूद मृतका लगातार उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। आरोपी के मुताबिक इसी बात को लेकर वह मानसिक रूप से परेशान था और उसने मृतका से छुटकारा पाने के लिए उसकी हत्या की योजना बना डाली। योजना के तहत उसने वारदात को अंजाम दिया और घटना के बाद फरार हो गया।
पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। आखिरकार मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर बीजपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल भानु प्रताप यादव समेत पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। अब आरोपी सलाखों के पीछे है और पुलिस इस पूरे मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही।

ये भी पढ़िए