सोनभद्र : चोपन थाने की साइबर टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने धोखाधड़ी का शिकार हुए एक व्यक्ति के 21,500 रुपये उसके मूल बैंक खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दिए हैं। यह राशि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा ऑनलाइन ठगी गई थी।
चोपन थाना क्षेत्र के बिल्ली मारकुण्डी डाला निवासी रामकुमार भारती पुत्र प्रभुनाथ के साथ 3 अगस्त 2025 को यह घटना हुई थी। अज्ञात ठगों ने उन्हें व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजकर उनके मोबाइल का ओटीपी प्राप्त कर लिया और उनके खाते से 21,500 रुपये निकाल लिए थे। रामकुमार भारती ने उसी दिन राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (cybercrime.gov.in) पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में, थाना चोपन की साइबर टीम ने कार्रवाई शुरू की। टीम ने एनसीआरपी पोर्टल का अवलोकन किया और धोखाधड़ी वाली धनराशि को संबंधित खाते में होल्ड कराया। इसके बाद, ट्रांजैक्शन से संबंधित आवश्यक साक्ष्य एकत्रित कर संबंधित बैंक को ईमेल और पत्राचार के माध्यम से संपर्क किया गया।
इन प्रयासों के परिणामस्वरूप, 17 सितंबर 2025 को कुल 21,500 रुपये की ठगी गई धनराशि आवेदक रामकुमार भारती के मूल बैंक खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दी गई। इस सफलता पर आवेदक ने थाना चोपन की साइबर टीम की सराहना की है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक थाना चोपन श्री कुमुद शेखर सिंह और साइबर हेल्प डेस्क थाना चोपन के कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल थे। पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे अपनी व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, अकाउंट नंबर, पासवर्ड या ओटीपी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी साइबर अपराध की घटना होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

