सोनभद्र : चोपन थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 14 अगस्त को रात 11 बजे वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर वैष्णो मंदिर डाला के पास से यह कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपियों से 20 किलो 790 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया। इस गांजे की कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है। साथ ही दो केटीएम ड्यूक मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं। इन बाइक की कीमत करीब 7.60 लाख रुपये है।
पकड़े गए आरोपियों में सोनभद्र के करमा थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव का आकाश राव (27), चंदौली के चकिया थाना क्षेत्र के फत्तेपुर का आशु उर्फ राहुल कुमार (22) और सोनभद्र के सिरसिया का सनी देवल यादव (21) शामिल हैं। आरोपियों के पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 200 रुपये नगद भी मिले हैं।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

