सोनभद्र। जनपद में खनन एवं बालू लोडिंग स्थलों पर व्याप्त अव्यवस्थाओं और नियमों की अनदेखी को लेकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने कड़ा रुख अपनाया है। संगठन के जिलाध्यक्ष धीरेन्द्र जायसवाल एवं प्रभारी मुख्य संरक्षक हाजी सलीम हुसैन के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर लोडिंग व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की।
राजस्व को चपत और बढ़ती दुर्घटनाएं
जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में संगठन ने आरोप लगाया कि खनन स्थलों पर नियमों को ताक पर रखकर अनियमित लोडिंग और ओवरलोडिंग की जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि बिना नंबर प्लेट के दौड़ रहे वाहनों से न केवल सरकार को राजस्व की भारी क्षति हो रही है, बल्कि ये वाहन सड़क दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बन रहे हैं।
पारदर्शिता के लिए CCTV की मांग
व्यापार मंडल ने प्रशासन के समक्ष प्रमुख रूप से निम्नलिखित मांगें रखीं। मानक अनुरूप लोडिंग लोडिंग स्थलों पर ही वाहनों का वजन और मानक तय हो, ताकि सड़कों पर अनावश्यक चेकिंग और विवाद खत्म हो सके। नंबर प्लेट की अनिवार्यता बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर तत्काल रोक लगाई जाए। तकनीकी निगरानी लोडिंग प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए सभी स्थलों पर CCTV कैमरे लगाए जाएं। प्रभावी मॉनिटरिंग: लोडिंग पॉइंट पर ही प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित हो। “यदि लोडिंग पॉइंट पर ही प्रभावी निगरानी हो, तो सड़कों पर होने वाले हादसों को रोका जा सकता है। इससे छोटे वाहन स्वामियों को राहत मिलेगी और राजस्व व्यवस्था भी मजबूत होगी।”
प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद प्रतिनिधिमंडल में जिला महामंत्री अजय कुमार राय और अरविन्द पाठक सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। व्यापारियों ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जनहित और सुरक्षा की दृष्टि से इन बिंदुओं पर शीघ्र दिशा-निर्देश जारी करना अनिवार्य है। प्रशासन ने ज्ञापन संज्ञान में लेते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

