व्यापारियों ने दिखाई एकजुटता, नई कार्यकारिणी को प्रमाण-पत्र वितरित

मारूफपुर (चंदौली)। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के बैनर तले 27 जून को मारूफपुर बाजार में व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से स्थानीय व्यापार मंडल की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद बाजार के सैकड़ों व्यापारियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरी अपने पदाधिकारियों के साथ पहुंचे तो व्यापारियों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इस दौरान “व्यापारी एकता जिंदाबाद” और “पहले हम व्यापारी हैं” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम की शुरुआत में जिलाध्यक्ष ने ग्राम प्रधान नरेंद्र कुमार का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
व्यापारियों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरी ने कहा कि जिले के प्रत्येक छोटे-बड़े बाजार के व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एकता ही व्यापारियों की सबसे बड़ी ताकत है और सभी को संगठित होकर अपने हितों की रक्षा करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भारत को दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने में व्यापारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।


प्रदेश मंत्री एवं जिला महामंत्री चंद्रेश्वर जायसवाल ने कहा कि मारूफपुर के व्यापारियों की ताकत अब कई गुना बढ़ गई है, क्योंकि पूरे जिले का व्यापार मंडल उनके साथ खड़ा है। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष राजीव अग्रहरी, गुलाब साहू, सतीश गुप्ता, दिनेश रस्तोगी, शंकर गुप्ता, अजहर खान, सीके राहुल, अशोक मौर्य सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में नई कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए पदाधिकारियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। सर्वसम्मति से सन्तलाल मौर्य को अध्यक्ष, रवि गुप्ता को महामंत्री तथा गोपी यादव को कोषाध्यक्ष चुना गया। धर्मेंद्र गुप्ता को युवा जिला मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसके अलावा महेंद्र यादव को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, मनोज गुप्ता को उपाध्यक्ष, जोगिंदर यादव को वरिष्ठ मंत्री, मनोज यादव एवं आसिफ अली को मंत्री, रविशंकर मौर्या, मुकेश सेठ एवं स्वारथ मौर्य को संगठन मंत्री, बंटी मौर्या को मीडिया प्रभारी, रोहित मौर्या को सह मीडिया प्रभारी तथा सर्वेश कुमार को कार्यक्रम संचालक बनाया गया।
संरक्षक मंडल में विजय सेठ, सरफराज खान, शौकत अली, संदीप श्रीवास्तव, राजेश यादव, सूर्यनाथ मौर्य, मुख्तार यादव, बेचू गुप्ता, रामअवतार यादव, मिश्री यादव एवं रविन्द्र यादव को शामिल किया गया।
नई कार्यकारिणी के गठन के बाद स्थानीय व्यापारियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। व्यापारियों ने विश्वास जताया कि संगठन के मजबूत होने से उनके हितों की रक्षा और समस्याओं के समाधान में नई गति मिलेगी।
रिपोर्ट : मदन मोहन, चंदौली

ये भी पढ़िए