सोनभद्र। जनपद के करमा विकासखंड अंतर्गत ग्राम सभा सुकृत में आजादी के बाद पहली बार दो महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण होने जा रहा है। इन दोनों सड़कों के निर्माण कार्य का शिलान्यास जिला पंचायत सदस्य मधुपुर उषा देवी ने विधिवत भूमि पूजन कर किया। जिला पंचायत निधि से बनने वाली इन सड़कों को लेकर ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहली सड़क शिवगंगा हॉस्पिटल के आगे से पंचायत भवन होते हुए नहर तक सीसी रोड के रूप में बनाई जाएगी। वहीं दूसरी सड़क सुकृत स्थित मुख्य हाईवे से पंचायत भवन एवं प्राथमिक विद्यालय होते हुए डीएमएफ रोड तक सीसी रोड के रूप में निर्मित होगी। इन दोनों सड़कों के बन जाने से ग्रामवासियों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी।

खासकर स्कूली बच्चों को विद्यालय आने-जाने में आसानी होगी, वहीं मरीजों को अस्पताल तक पहुंचने में होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलेगी। लंबे समय से सड़क निर्माण की उम्मीद लगाए बैठे ग्रामीणों के लिए यह पहल काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सदस्य मधुपुर उषा देवी, उनके प्रतिनिधि अजीत कुमार, ग्राम प्रधान सुकृत प्रतिनिधि रमाशंकर पटेल, समाजसेवी मनोज चौहान, सुशील प्रजापति, एमबीडी कॉन्वेंट स्कूल के डायरेक्टर सरोज प्रजापति, पूर्व ग्राम प्रधान सुकृत इकबाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

