सोनभद्र में 1.63 करोड़ की एल्यूमिनियम चोरी का खुलासा, महाराष्ट्र से दो गिरफ्तार

15 दिन में पिपरी पुलिस ने किया करोड़ों की चोरी का खुलासा, 34.850 टन एल्यूमिनियम और वारदात में प्रयुक्त ट्रक बरामद

सोनभद्र। जिले की पिपरी पुलिस ने करोड़ों रुपये की एल्यूमिनियम चोरी के मामले का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने महज 15 दिनों के भीतर लगभग 1 करोड़ 63 लाख रुपये मूल्य के 34.850 टन एल्यूमिनियम की चोरी का पर्दाफाश करते हुए महाराष्ट्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी किया गया शत-प्रतिशत एल्यूमिनियम और उसके परिवहन में प्रयुक्त ट्रक भी बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में पिपरी पुलिस की टीम ने मामले की गहन विवेचना करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस के अनुसार, थाना पिपरी में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 207/2026 के तहत लगभग 1.63 करोड़ रुपये मूल्य के 34.850 टन एल्यूमिनियम की चोरी का मामला सामने आया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश और चोरी गए माल की बरामदगी के प्रयास कर रही थी।
इसी क्रम में 24 नवंबर 2026 को पुलिस ने मामले में प्रकाश में आए महाराष्ट्र निवासी सचिन अशोक शेलके (26) और नवनाथ अशोक शेलके (25) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी महाराष्ट्र के नासिक जनपद के मालेगांव ग्रामीण क्षेत्र के पर्सागांव के निवासी हैं।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से 25 नवंबर को ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर उन्हें सोनभद्र लाया गया। पुलिस ने चोरी किए गए 34.850 टन एल्यूमिनियम को बरामद करते हुए उसके परिवहन में प्रयुक्त ट्रक भी कब्जे में ले लिया।
पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई में चोरी गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई पूरी कर दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

इन धाराओं में दर्ज है मुकदमा

मामले में थाना पिपरी पर मु0अ0सं0 207/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(3), 3(5), 338, 336(2), 340(2), 61(2), 317(2) एवं 317(5) में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष पिपरी अजय कुमार श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक नवनीत कुमार चौरसिया (पुलिस चौकी रेनुकूट), उपनिरीक्षक अनिल तिवारी, हेड कांस्टेबल शेषनाथ पाण्डेय सहित थाना पिपरी के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से करोड़ों रुपये की चोरी का खुलासा होने के साथ ही चोरी गए माल की पूरी बरामदगी भी हुई है। महाराष्ट्र से आरोपियों की गिरफ्तारी और ट्रक समेत पूरा माल बरामद होना पिपरी पुलिस की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

ये भी पढ़िए