2020 के अपहरण मामले में आया फैसला, अजीत कुमार को 8 साल की कठोर कैद

सोनभद्र: जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन कनविक्शन’ अभियान के तहत सोनभद्र पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की प्रभावी पैरवी और मजबूत सबूतों के आधार पर माननीय न्यायालय ने अपहरण और अन्य धाराओं से जुड़े एक मामले में दोषी पाए गए अभियुक्त को 08 वर्ष के कठोर कारावास और ₹25,000 के जुर्माने की सजा सुनाई है।
थाना हाथीनाला क्षेत्र में वर्ष 2020 में मुकदमा अपराध संख्या 21/2020, धारा 363 और 366 भादवि (IPC) के तहत दर्ज किया गया था। यह मामला थाना क्षेत्र के बेलहथ्थी टोला रानीताली निवासी अजीत कुमार पुत्र अम्बिका प्रसाद के खिलाफ था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वैज्ञानिक तरीके से विवेचना की और अदालत में पुख्ता साक्ष्य प्रस्तुत किए।
मामले की सुनवाई के बाद आज माननीय न्यायालय एएसजे/एफटीसी/सीएडब्ल्यू, सोनभद्र ने अभियुक्त अजीत कुमार को दोषी करार देते हुए निम्नलिखित सजा सुनाई: धारा 363 भादवि: 05 वर्ष का कठोर कारावास एवं ₹5,000 का अर्थदंड।
धारा 366 भादवि: 08 वर्ष का कठोर कारावास एवं ₹20,000 का अर्थदंड।
अदालत के निर्देशानुसार, जुर्माना न भरने पर अभियुक्त को 02 महीने का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। जेल में बिताई गई अवधि को कुल सजा में समायोजित किया जाएगा और दोनों सजाएं साथ-साथ चलेंगी।
पुलिस की प्रभावी पैरवी से मिली सजा: पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद में अपराधियों को सजा दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस मामले में थाना हाथीनाला पुलिस, मॉनिटरिंग सेल, अभियोजन अधिकारियों और कोर्ट मोहर्रिर के आपसी समन्वय व सतत निगरानी के कारण अभियुक्त को कानून के दायरे में लाकर सख्त सजा सुनिश्चित की जा सकी है।

ये भी पढ़िए