सोनभद्र में मिशन शक्ति 6.0 और साइबर जागरूकता अभियान तेज, महिलाओं को दी गई सुरक्षा की जानकारी

सोनभद्र: महिला एवं बालिका सुरक्षा, सम्मान और उनके सशक्तिकरण के साथ-साथ आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोनभद्र पुलिस द्वारा ‘मिशन शक्ति 6.0’ और साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय/नोडल अधिकारी सुश्री मेविस टॉक के पर्यवेक्षण में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के तहत मिशन शक्ति टीमों ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपायों और महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
इसके साथ ही, साइबर जागरूकता कार्यक्रमों में ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉड, टेलीग्राम फ्रॉड, फर्जी ट्रेडिंग ग्रुप और फिशिंग लिंक जैसे साइबर खतरों से बचने के उपाय बताए गए। पुलिस ने लोगों को चेताया कि वे अपना ओटीपी, बैंकिंग विवरण या पासवर्ड किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। साइबर अपराध होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने या आधिकारिक पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।
मुख्य हेल्पलाइन नंबर
112 – आपातकालीन पुलिस सेवा
1090 / 1091 – महिला सुरक्षा हेल्पलाइन
181 – महिला हेल्पलाइन
1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन
1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
सोनभद्र पुलिस ने अपील की है कि महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और किसी भी उत्पीड़न के खिलाफ बेझिझक आवाज उठाएं।

ये भी पढ़िए