संविधान दिवस पर सोनभद्र में बाबा साहब की 41 प्रतिमाओं का शिलान्यास

सोनभद्र: संविधान दिवस के अवसर पर जनपद सोनभद्र में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापना के लिए 41 विभिन्न स्थानों पर भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसमें नागरिकों ने संविधान के मूल्यों और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प लिया।
चोपन नगर पंचायत के वार्ड नंबर-6 में समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने प्रतिमा स्थापना स्थल पर भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के विचार समानता और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणास्रोत हैं। वहीं, सदर विधायक भूपेश चौबे ने चतरा ब्लॉक के रामगढ़ गांव और घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य ने करमा ब्लॉक के भवानीपुर गांव में शिलान्यास किया।


उत्तर प्रदेश एससी-एसटी आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार ने दुद्धी तहसील के जामपानी गांव में कार्यक्रम के दौरान कहा कि वंचित और शोषित वर्गों को सम्मानपूर्वक जीने का मार्ग बाबा साहब ने दिखाया। इस अवसर पर सभी जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

ये भी पढ़िए