संविधान दिवस पर सोनभद्र पुलिस ने ली संविधान की शपथ

सोनभद्र। जनपद में संविधान दिवस के अवसर पर पुलिस विभाग द्वारा गरिमामय एवं अनुशासित ढंग से शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस कार्यालय एवं पुलिस लाइन चुर्क में आयोजित मुख्य समारोह में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने उपस्थित समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर सभी पुलिसकर्मियों ने संविधान के प्रति निष्ठा और सम्मान बनाए रखने, संवैधानिक मूल्यों, मूलभूत अधिकारों व कर्तव्यों का पालन करने तथा देश की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा, क्षेत्राधिकारी यातायात/सदर सुधीर सिंह, क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश राय, क्षेत्राधिकारी लाइन भुवनेश्वर सिंह और प्रतिसार निरीक्षक मो० नदीम सहित पुलिस कार्यालय व पुलिस लाइन के तमाम कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में जनपद के समस्त थानों और चौकियों पर भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां थाना प्रभारियों व चौकी प्रभारियों ने पुलिस बल को संविधान की शपथ दिलाई। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों में संविधान के प्रति निष्ठा, संवैधानिक मूल्यों के सम्मान और कर्तव्यों के निर्वहन में निष्पक्षता, पारदर्शिता व संवेदनशीलता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना था।

ये भी पढ़िए