स्कूल-कॉलेज से गांव की चौपाल तक पहुंची पुलिस, महिलाओं को अधिकारों और सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

सोनभद्र। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर सोनभद्र पुलिस ने मिशन शक्ति 6.0 के तहत अपनी मुहिम तेज कर दी है। महिला सुरक्षा के साथ-साथ बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से जनपदभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की टीमें विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं तक पहुंचकर लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय एवं मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी सुश्री मेविस टॉक के पर्यवेक्षण में संचालित इस अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा सरकारी सहायता सेवाओं की जानकारी दी जा रही है।
छेड़छाड़ और उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने की अपील
मिशन शक्ति टीमों द्वारा आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों में महिलाओं एवं बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय और महिला सुरक्षा हेल्पलाइन के बारे में बताया जा रहा है। पुलिस उन्हें किसी भी प्रकार के उत्पीड़न को चुपचाप सहने के बजाय उसके विरुद्ध आवाज उठाने और जरूरत पड़ने पर तत्काल पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित कर रही है।
पुलिस की यह पहल महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने के साथ उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
साइबर ठगी के नए तरीकों से किया जा रहा आगाह
डिजिटल लेनदेन और सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल के बीच साइबर अपराधी भी ठगी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। इसे देखते हुए सोनभद्र पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता अभियान को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है।
कार्यक्रमों में ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉड, साइबर ग्रूमिंग, टेलीग्राम फ्रॉड, फर्जी ट्रेडिंग ग्रुप और फिशिंग लिंक के जरिए होने वाली ठगी के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। लोगों को आगाह किया जा रहा है कि वे किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंकिंग विवरण और पासवर्ड साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा ऑनलाइन निवेश के नाम पर मिलने वाले लालच में आकर अपनी मेहनत की कमाई गंवाने से सतर्क रहें। साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देने अथवा आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की अपील भी की जा रही है।

संकट में इन हेल्पलाइन नंबरों से मिलेगी मदद

सोनभद्र पुलिस द्वारा महिलाओं एवं आमजन को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर जरूरत के समय उनका इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
112 – आपातकालीन पुलिस सेवा,1090 / 1091 – महिला सुरक्षा हेल्पलाइन,181 – महिला हेल्पलाइन
1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन,1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन जागरूकता ही सुरक्षा की सबसे मजबूत ढाल
सोनभद्र पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज उठाने की अपील की है। वहीं आमजन से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का आग्रह किया गया है।
पुलिस का संदेश स्पष्ट है कि महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता सबसे प्रभावी हथियार है। इसी उद्देश्य से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। सोनभद्र पुलिस का संदेश—“जागरूक नारी, सुरक्षित समाज; साइबर सतर्कता, अपराध पर प्रहार।”

ये भी पढ़िए