सोनभद्र। नौकरी दिलाने के नाम पर भोले-भाले लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर हिस्ट्रीशीटर को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी प्रवेश पत्र और नियुक्ति पत्र तैयार कर लोगों को भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) तथा रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने उत्तर प्रदेश में अब तक 7 से 8 लोगों से करीब 55 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। उसके कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रायपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 27 नवंबर की सुबह 7:40 बजे बुढिवार पुलिया के पास से वांछित अभियुक्त मनोज कुमार पाण्डेय को गिरफ्तार किया।
एफसीआई में नौकरी के नाम पर 8.14 लाख रुपये की ठगी
पुलिस के अनुसार, देवरिया जिले के ग्राम सिरवनीयां निवासी दयानंद शर्मा ने 26 नवंबर को रायपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि रायपुर निवासी मनोज कुमार पाण्डेय और उसके सहयोगियों ने भारतीय खाद्य निगम में असिस्टेंट (AG-III) के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया था।
नौकरी के लिए कुल 10 लाख रुपये की मांग की गई थी। इसके तहत शिकायतकर्ता से अलग-अलग किस्तों में नकद और बैंक खाते के माध्यम से 8 लाख 14 हजार रुपये ले लिए गए। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की मदद से तैयार किए गए फर्जी प्रवेश पत्र और नियुक्ति पत्र थमा दिए गए।
दस्तावेजों के फर्जी होने का संदेह होने पर शिकायतकर्ता ने शेष दो लाख रुपये देने से मना कर दिया और अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि इस पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
रेलवे का डीआरएम स्टेनो बताकर करता था ठगी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी स्वयं को रेलवे के डीआरएम का स्टेनो बताकर लोगों को नौकरी दिलाने का भरोसा देता था। वह रेलवे और एफसीआई में नियुक्ति का झांसा देकर राजस्थान, बिहार तथा उत्तर प्रदेश के देवरिया और सोनभद्र के लोगों को निशाना बनाता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी थाना रायपुर का हिस्ट्रीशीटर (एचएस संख्या 36ए) है। उसके विरुद्ध धोखाधड़ी, कूटरचना समेत विभिन्न मामलों में पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
नौ मुकदमों में नाम, पुलिस कर रही जांच
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज कुमार पाण्डेय पुत्र वीरेंद्र बहादुर पाण्डेय, निवासी ग्राम रायपुर, थाना रायपुर, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसके विरुद्ध रायपुर, रॉबर्ट्सगंज और देवरिया के तरकुलवा थाने समेत विभिन्न स्थानों पर धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, धमकी देने तथा अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक इस्तेमाल किया हुआ एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक होंडा साइन मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया, उपनिरीक्षक उमाशंकर गिरि, हेड कांस्टेबल शशिकान्त यादव, धर्मेन्द्र कुमार, राजीव कुमार तथा कांस्टेबल संजय कुमार, अंश राजपूत और आशुतोष शामिल रहे।

