यूपी बोर्ड परीक्षा 2026: सोनभद्र में केंद्र निर्धारण पर मंथन, परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ी

सोनभद्र (उत्तर प्रदेश): माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश, प्रयागराज द्वारा आयोजित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा वर्ष 2026 के केंद्र निर्धारण के संबंध में आज दिनांक 11.12.2025 को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपदस्तरीय समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री बद्री नाथ सिंह ने की। परीक्षा केंद्रों पर आपत्तियां और छात्र संख्या में वृद्धि जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) सोनभद्र ने समिति को अवगत कराया कि परिषद की वेबसाइट पर विद्यालयों की सुविधाओं की सूचना अपलोड होने और तहसीलस्तरीय समितियों द्वारा सत्यापन के बाद, बोर्ड ने 30.11.2025 को ऑनलाइन माध्यम से सोनभद्र जनपद में 71 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए थे।
निर्धारित केंद्रों में विसंगति, आपत्ति या शिकायत के लिए 04.12.2025 तक प्रत्यावेदन आमंत्रित किए गए थे, जिसके क्रम में कुल 48 आपत्तियाँ प्राप्त हुईं। इन आपत्तियों में परीक्षा केंद्रों की दूरी कम करने के लिए 20, नए केंद्र बनाने हेतु 15, छात्र आवंटन कम करने हेतु 11 और केंद्र न बनाने हेतु 02 आपत्तियाँ शामिल थीं।
डीआईओएस ने बताया कि पिछले वर्ष (2025) की तुलना में इस वर्ष हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों में परीक्षार्थियों की संख्या में वृद्धि हुई है। हाईस्कूल: पिछले वर्ष के 26,242 के मुकाबले 1107 परीक्षार्थी बढ़कर 27,349 हो गए हैं। इंटरमीडिएट: पिछले वर्ष के 20,508 के मुकाबले 471 परीक्षार्थी बढ़कर 20,979 हो गए हैं। कुल मिलाकर, इस वर्ष 1578 परीक्षार्थी बढ़े हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि परीक्षार्थियों की बढ़ी हुई संख्या को देखते हुए, पिछले वर्ष के 77 केंद्रों की तुलना में इस वर्ष 3-4 अतिरिक्त परीक्षा केंद्र निर्धारित करना उचित होगा।

डीएम ने दिए आवश्यक निर्देश

जिलाधिकारी श्री बद्री नाथ सिंह ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिया कि: विगत वर्ष (2025) में परीक्षा केंद्र बने और उपयुक्त पाए गए आपत्ति दर्ज कराने वाले सभी 09 केंद्रों को इस वर्ष भी परीक्षा केंद्र निर्धारित किया जाए। पिछले वर्ष परीक्षा केंद्र नहीं बने विद्यालयों में अवस्थापना सुविधाओं और उपयुक्तता के आधार पर बड़े परीक्षा केंद्रों और सुदूर केंद्रों पर निर्धारित परीक्षार्थियों को बोर्ड के मानक के अनुकूल नए केंद्र निर्धारित किए जाएँ। केंद्र निर्धारण की पूरी प्रक्रिया माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करना सुनिश्चित किया जाए। इस बैठक में उपजिलाधिकारी (राबर्ट्सगंज) श्री उत्कर्ष द्विवेदी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री मुकुल आनन्द पाण्डेय, जिला सूचना अधिकारी श्री विनय सिंह और विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

ये भी पढ़िए