सोनभद्र। उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप गरीब बेटियों के हाथ पीले करने के उद्देश्य से आज जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर, उरमौरा में ‘मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना’ का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह में कुल 304 जोड़ों का विवाह पूरे विधि-विधान और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ।
प्रशासनिक मुस्तैदी और जन प्रतिनिधियों का आशीर्वाद
जिलाधिकारी श्री बी.एन. सिंह के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने अपनी पूरी टीम के साथ कार्यक्रम की कमान संभाली। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद सांसद छोटे लाल खरवार ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख नगवां, जिला पंचायत सदस्य मोहन कुशवाहा समेत अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे), जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने न केवल व्यवस्थाएं देखीं, बल्कि कन्यादान कर नव-दम्पतियों को सुखद भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।
सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल

इस भव्य आयोजन में सामाजिक समरसता की अनूठी झलक देखने को मिली। कुल 304 जोड़ों में से 302 हिन्दू और 02 मुस्लिम जोड़ों का विवाह उनके अपने-अपने धार्मिक रीति-रिवाजों (पंडितों और काजी) के माध्यम से संपन्न कराया गया। बाकायदा बारात का भव्य स्वागत हुआ और वर-वधू पक्ष के लिए प्रीतिभोज का भी आयोजन किया गया।

योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता
सरकार द्वारा इस योजना के अंतर्गत प्रति जोड़ा 1 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है, जिसका विवरण
₹60,000: कन्या के बैंक खाते में सीधे (DBT) गृहस्थी की स्थापना हेतु भेजे गए। 25,000: वैवाहिक उपहार सामग्री (उपहार किट) के लिए, 15,000: पंडाल, भोजन, पेयजल, बिजली और अन्य व्यवस्थाओं के लिए। मिले उपहार और क्षेत्रवार भागीदारी समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि इस कार्यक्रम में विभिन्न विकास खंडों से पात्र जोड़े शामिल हुए। घोरावल: 80 जोड़े, रॉबर्ट्सगंज: 78 जोड़े, करमा: 51 जोड़े, चतरा: 48 जोड़े, नगवां: 47 जोड़े विवाह के उपहार स्वरूप जोड़ों को पायल-बिछिया, गद्दा-तकिया, साड़ी-लहंगा, डिनर सेट, सीलिंग फैन, प्रेस और कलाई घड़ी जैसी आवश्यक वस्तुएं भेंट की गईं। साथ ही बिरला कार्बन रेनूकूट द्वारा भी नव-दम्पतियों को उपहार प्रदान किए गए।

