सोनभद्र। बभनी पुलिस ने पशु तस्करी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से दो बैल, एक गाय और एक बछिया के साथ एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। यह कार्रवाई 10 फरवरी 2026 को चकबगदरीसानी तिराहे के पास की गई।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत, बभनी थाना प्रभारी निरीक्षक अपनी टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर चकबगदरीसानी तिराहे पहुंचे। उन्होंने देखा कि जंगल की ओर से एक पैदल और एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति दो बैल, एक गाय और एक बछिया को बेरहमी से पीटते हुए ले जा रहे थे।
पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दो व्यक्ति मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल में भाग गए। पुलिस ने बाबूलाल अगरिया (51 वर्ष, पुत्र केश्वर अगरिया, निवासी ग्राम चकबगदरीसानी, थाना बभनी, जनपद सोनभद्र) को दोपहर 3:18 बजे गिरफ्तार कर लिया। मौके से बरामद मवेशियों के अलावा, हीरो होंडा साइन UP64 AS 1292 स्लेटी रंग की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
इस संबंध में थाना बभनी, सोनभद्र में मु0अ0सं0-23/2026 धारा 3/5A/8 गोवध निवारण अधिनियम और 11 पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक दिन्नू प्रसाद यादव, उपनिरीक्षक शिवमूरत यादव, हेड कांस्टेबल प्रदीप सिंह और हेड कांस्टेबल रामअशीष यादव शामिल थे।

