चंदौली में SC छात्रावासों में प्रवेश शुरू! 20 अगस्त तक करें ऑनलाइन आवेदन, जानें पूरी प्रक्रिया

मदन मोहन चंदौली। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जिले के राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावासों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक छात्र-छात्राओं से निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि जनपद के तीन छात्रावासों—राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास चहनिया, राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास सकलडीहा एवं राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास माटीगांव—में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
अभ्यर्थी विभाग के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल upswdhms.upsdc.gov.in पर जाकर 20 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के बाद आवेदन पत्र की हार्डकॉपी के साथ सभी आवश्यक प्रमाण-पत्र संलग्न करना होगा।
आवेदन पत्र को संबंधित कॉलेज के प्रधानाचार्य से सत्यापित कराने के बाद 20 अगस्त 2026 तक संबंधित छात्रावास कार्यालय में किसी भी कार्यदिवस में जमा करना अनिवार्य है। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। समाज कल्याण विभाग ने इच्छुक छात्र-छात्राओं से समय सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।

ये भी पढ़िए