थाने का टॉप-10 अपराधी चढ़ा पुलिस के हत्थे,
सोनभद्र से वाराणसी तक फैला था अपराध का जाल
बभनी (सोनभद्र)। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे कड़े अभियान के तहत बभनी पुलिस को बुधवार की रात एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी करते हुए थाने के टॉप-10 अपराधी, हिस्ट्रीशीटर और जिला बदर अभियुक्त नियाज को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। आरोपी के विरुद्ध गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेजा गया है।
तिराहे के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी दुद्धी के कुशल मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक बभनी दिन्नू प्रसाद यादव पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जिला बदर अपराधी नियाज क्षेत्र में मौजूद है। पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए बभनी तिराहे के पास घेराबंदी की और रात्रि करीब 10:25 बजे अभियुक्त नियाज (30 वर्ष), पुत्र लल्ले, निवासी ग्राम बड़होर को गिरफ्तार कर लिया।
वाराणसी और भदोही तक दर्ज हैं मुकदमे
पकड़ा गया आरोपी नियाज एक शातिर अंतर्राज्यीय अपराधी है। उसके विरुद्ध हत्या के प्रयास (307), एनडीपीएस एक्ट और पशु क्रूरता के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। आरोपी का आपराधिक इतिहास सोनभद्र के अलावा वाराणसी के रोहनिया, फतेहपुर के धरिवावं और भदोही के ऊँज थाने तक फैला हुआ है। जिला बदर घोषित होने के बावजूद वह अवैध रूप से जिले की सीमा में रहकर कानून को चुनौती दे रहा था।
पुलिस टीम की सफलता
सफलतापूर्वक गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दिन्नू प्रसाद यादव के साथ उपनिरीक्षक शिवमूरत यादव, हेड कांस्टेबल प्रदीप सिंह और प्रवीण कुमार यादव शामिल रहे। इस कार्रवाई से क्षेत्रीय जनता ने राहत की सांस ली है और पुलिस की सक्रियता की सराहना की है।

