सोनभद्र : पुलिस ने ओबरा थाना क्षेत्र में हुई हत्या का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरधर सीमेंट्स लिमिटेड के संचालक के चाचा विष्णु हरि उपाध्याय की हत्या के मामले में पुलिस ने श्रवन सिंह उर्फ श्रवण गोंड को पकड़ा है। पुलिस लाइन में एसपी ने इसका खुलासा किया।
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि घटना 7 और 8 फरवरी की दरमियानी रात को हुई थी। कंपनी परिसर में विष्णु हरि उपाध्याय के सिर पर पत्थर से वार कर उनकी हत्या कर दी थी।हत्या के बाद कार्यालय का ताला तोड़कर दराज से 6500 रुपये नकद और मृतक का मोबाइल फोन चुरा लिया गया था। पहचान छिपाने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त कर उनके मॉनिटर और प्रिंटर भी हटाकर छिपा दिए गए थे। इस संबंध में ओबरा थाने में मामला दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने अभियुक्त की तलाश शुरू की। 12 फरवरी की रात को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने बग्घा नाला ओवरब्रिज के पास घेराबंदी की। रात करीब 12:35 बजे श्रवन सिंह उर्फ श्रवण गोंड (36), निवासी ग्राम झारा,थाना सनावल,जिला बलरामपुर, छत्तीसगढ़ को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद,आरोपी की निशानदेही पर घटना स्थल से लगभग 300 मीटर दूर एक पक्के नाले और झाड़ियों में छिपाए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए।
एसपी ने बताया – अभियुक्त से पूछताछ करने पर उसके द्वारा बताया गया कि वह पूर्व में गिरधर सीमेंट्स लिमिटेड परिसर में 2 वर्षों तक मिस्त्री के पद पर कार्यरत था। नौकरी से निकाले जाने तथा मृतक द्वारा डांट-फटकार करने के बाद वह रंजिश रखता था। 7 फरवरी की रात लगभग 11-12 बजे वह बाउंड्री कूदकर परिसर में घुसा।
बरामदे में सो रहे विष्णु हरि उपाध्याय के सिर पर पत्थर से 3-4 बार वार कर हत्या कर दी। इसके बाद मृतक के पास से चाबी का गुच्छा लेकर कार्यालय खोला तथा दराज से आरएस 6500 नगद एवं मृतक का मोबाइल फोन ले लिया। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से सीसीटीवी तोड़ दिया तथा मॉनिटर एवं प्रिंटर को उठाकर पास के नाले में झाड़ियों के नीचे छिपा दिया कि उसकी पहचान न हो सके।

