सोनभद्र। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार रविवार को जनपद पंचायत रिसोर्स सेंटर, विकास भवन में ‘मेगा बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री राम सुलीन सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हुए ग्रामीण
शिविर में जनपद के विभिन्न प्रशासनिक विभागों द्वारा स्टाल लगाकर आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान कुल 192 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभान्वित किया गया, जिनमें मुख्य आकर्षण निम्नलिखित रहे।

- दिव्यांग कल्याण: 06 लाभार्थियों को ट्राईसाइकिल, कान की मशीन, स्मार्ट केन और लेप्रोसी किट का वितरण।
- समाज कल्याण एवं प्रोबेशन: निराश्रित महिला पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और स्पॉन्सरशिप योजना के तहत प्रमाण पत्र।
- शिक्षा एवं कृषि: पिछड़ा वर्ग कल्याण द्वारा छात्रवृत्ति और कृषि विभाग द्वारा कृषकों को प्रमाण पत्र।
- उद्योग एवं श्रम: विश्वकर्मा श्रम सम्मान के तहत टूल किट, उपश्रमायुक्त विभाग द्वारा प्रसूति सहायता और बैंकों द्वारा चेक वितरण।
- स्वास्थ्य: आयुष्मान कार्ड का वितरण और रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा कुष्ठ व टीबी रोगियों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया गया।
न्याय और प्रशासन का साझा प्रयास
जनपद न्यायाधीश श्री राम सुलीन सिंह ने कहा कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं और विधिक सहायता को पहुंचाना है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए प्रशासनिक अधिकारियों और न्यायिक कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री आलोक यादव, अपर जिलाधिकारी श्री रमेश चन्द्र, अपर पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार, सीएमओ डॉ. सुमन कुमार, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री राहुल सहित भारी संख्या में अधिवक्ता, पराविधिक स्वयं सेवक और लगभग 750 आमजन उपस्थित रहे।


