रॉबर्ट्सगंज में वरिष्ठ अधिकारियों, विशेषज्ञों एवं विभिन्न विभागों की गरिमामयी सहभागिता
सोनभद्र : राबर्ट्सगंज के एक निजी होटल में “महिला सुरक्षा एवं पीड़ित केन्द्रित पुलिसिंग” विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पद्म श्री से सम्मानित डॉ. सुनीता कृष्णन मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। डॉ. कृष्णन ने मानव तस्करी, महिला सुरक्षा और पीड़ितों के पुनर्वास से संबंधित विषयों पर विस्तृत व्याख्यान दिया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पीड़ित केंद्रित न्याय प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करना है, जिसके लिए माननीय मुख्यमंत्री ने ‘मिशन शक्ति केंद्र’ की स्थापना की है।

कार्यशाला में पुलिस अधिकारियों को पीड़ितों के प्रति अपनी सोच बदलने और कानूनों को संवेदनशीलता से लागू करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। हैदराबाद से आए विशेषज्ञों द्वारा यह प्रशिक्षण दिया जा रहा है कि कैसे अपराधी को उसके अपराध का एहसास कराया जाए और पीड़ितों को समाज से अलग-थलग होने से बचाया जाए।
प्रशिक्षण के दौरान, धोखाधड़ी और उत्पीड़न जैसे नए अपराध परिदृश्यों पर भी चर्चा की गई। इसमें इंस्टाग्राम, यूट्यूब और ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से महिलाओं को कैसे वश में किया जा रहा है, इस पर विशेष ध्यान दिया गया।
तकनीकी प्रगति के कारण उत्पन्न हुई साइबर-सक्षम अपराधों की समस्या पर भी प्रकाश डाला गया, जो अनपढ़ लोगों के बच्चों को भी प्रभावित कर रही है। पुलिस को वैवाहिक साइटों और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के लिए निवारक कार्यक्रम चलाने और ऑनलाइन सुरक्षा के तरीकों पर फिल्में दिखाने का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।


