सड़कों का जाल बिछाने और रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए नितिन गडकरी व रेल मंत्री से की मुलाकात
सोनभद्र। जनपद के बुनियादी ढांचे और आवागमन की सुविधाओं को विश्वस्तरीय बनाने के लिए क्षेत्रीय सांसद छोटेलाल खरवार ने दिल्ली में मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और रेल मंत्री से मुलाकात कर सोनभद्र की लंबित सड़क व रेल परियोजनाओं को जल्द पूरा कराने की पुरजोर मांग की।
सड़क परियोजनाओं पर जोर
रीवा-रांची फोरलेन को प्राथमिकता सांसद ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को सौंपे विस्तृत मांग पत्र में रीवा-रांची फोरलेन परियोजना के अधूरे कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा करने का आग्रह किया। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र की अन्य महत्वपूर्ण सड़कों की ओर ध्यान आकर्षित किया: हाथीनाला-शक्तिनगर फोरलेन: छत्तीसगढ़ तक प्रस्तावित इस सड़क के निर्माण को शीघ्र शुरू करने की मांग। चौड़ीकरण व मरम्मत: विंढमगंज से कचनरवा-कोन मार्ग, कोन से तेलगुड़वां और बकरिहंवा से विजपुर मार्ग के सुदृढ़ीकरण की आवश्यकता जताई।

औड़ी मोड़ से शक्तिनगर: जर्जर सड़क को दुरुस्त कर सुगम यातायात सुनिश्चित करने का प्रस्ताव दिया
“इन सड़कों के निर्माण से न केवल स्थानीय लोगों को सहूलियत मिलेगी, बल्कि औद्योगिक हब होने के कारण माल ढुलाई और व्यापार को भी नई गति मिलेगी। छोटेलाल खरवार, सांसद
रेल सुविधाओं का विस्तार: त्रिवेणी एक्सप्रेस को नियमित करने की मांग
सड़क के साथ-साथ सांसद ने रेल यात्रियों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने रेल मंत्री से मुलाकात कर त्रिवेणी एक्सप्रेस सहित अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों को पूर्व की भांति नियमित रूप से संचालित करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेल सुविधाओं में विस्तार से हजारों दैनिक यात्रियों को राहत मिलेगी।
प्रधानमंत्री से भी की मुलाकात
सांसद ने जनपद के समग्र विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी भेंट की और एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने जिले की बुनियादी जरूरतों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। सांसद ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार सोनभद्र की मांगों पर गंभीरता से विचार कर रही है और जल्द ही जनपद को बड़े प्रोजेक्ट्स की सौगात मिलेगी।

