मिर्जापुर: डिप्टी कमांडेंट जनरल पीयूष कांत ने किया होमगार्ड्स कार्यालय का औचक निरीक्षण

मिर्जापुर : चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर जहाँ पूरे जनपद में भक्ति का माहौल है, वहीं प्रशासनिक मुस्तैदी भी अपने चरम पर है। इसी क्रम में होमगार्ड्स विभाग के डिप्टी कमांडेंट जनरल (पूर्वी जोन, प्रयागराज) पियूष कांत ने मिर्जापुर का अहम दौरा किया। उन्होंने यहाँ मंडलीय कमाण्डेण्ट/जिला कमाण्डेण्ट कार्यालयों का सघन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं और विभागीय कामकाज का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पियूष कांत ने कार्यालय के अभिलेखों और कार्यप्रणाली को बारीकी से देखा। ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड्स के अनुशासन और कार्यकुशलता को लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के इस समय में जनता की सेवा और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरे का एक मुख्य केंद्र बिंदु सदर तहसील के ग्राम-पूरसिया शहर (कंतित, पहाड़ी) में बन रहा ‘मंडलीय प्रशिक्षण एवं केंद्र होमगार्ड्स आवासीय परिसर’ रहा। डिप्टी कमाण्डेण्ट जनरल ने इस निर्माणाधीन प्रोजेक्ट की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने निर्माण कार्य में ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए उच्चतम गुणवत्ता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए, ताकि भविष्य में जवानों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकें।
अंत में, उन्होंने मिर्जापुर में विभाग के कुशल नेतृत्व की सराहना भी की। उन्होंने मण्डलीय कमाण्डेण्ट सुधाकराचार्य पांडेय एंव जिला कमांडेंट विंध्याचल पाठक के कार्यों को सराहते हुए उनके द्वारा किए जा रहे प्रयासों को अनुकरणीय बताया। अधिकारियों के इस तालमेल और सक्रियता से विभाग में नई ऊर्जा का संचार देखा जा रहा है। वहीं उक्त निरीक्षण के दौरान संबंधित के साथ बैठक की गई जिसमें आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य रूप से मौजूद जिला कमाण्डेण्ट होमगार्डस् भदोही चंदन सिंह, जिला कमाण्डेण्ट सोनभद्र आरके बर्मा, वरिष्ठ सहायक डिवीजनल कमाण्डेण्ट जनरल पूर्वी जोन प्रयागराज उपेंद्र ओझा, वरिष्ठ सहायक मण्डलीय के कमाण्डेण्ट मिर्जापुर विजय प्रकाश, संतोष शर्मा, मनोज कुमार उपाध्याय, संतोष पांडे, सुखचंद मिश्रा व अन्य होमगार्डस् के जवान मौजूद रहे।

ये भी पढ़िए