सोनभद्र। जनपद की एसआईटी “SIT” टीम ने नशीले कफ सिरप की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट को ध्वस्त करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य हैंडलर जुबेर हुसैन शेख को पश्चिम बंगाल के हावड़ा से गिरफ्तार किया है। यह नेटवर्क रांची से लेकर बांग्लादेश तक फैला हुआ था।
रांची से बांग्लादेश तक बिछा था तस्करी का जाल
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र, श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि मुख्य अभियुक्त शुभम जायसवाल (निवासी वाराणसी) अपनी फर्म ‘शैली ट्रेडर्स’ (रांची) की आड़ में प्रतिबंधित ‘फेंसाडील’ कफ सिरप की तस्करी करता था। गिरफ्तार अभियुक्त जुबेर हुसैन शेख इस पूरे नेटवर्क का संचालन हावड़ा से कर रहा था।
ऐसे चलता था तस्करी का खेल
पूछताछ के दौरान जुबेर ने चौंकाने वाले खुलासे किए रूट: कफ सिरप को ट्रकों के माध्यम से बिहार के पूर्णिया और पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी व कूंचबिहार बॉर्डर तक पहुंचाया जाता था। बांग्लादेश कनेक्शन: बॉर्डर के पास बांग्ला भाषी ड्राइवरों का उपयोग किया जाता था ताकि पहचान छुपाने और बांग्लादेश के भीतर माल पहुंचाने में आसानी रहे। कोड ऑफ कंडक्ट: गिरोह के ड्राइवरों को सख्त हिदायत थी कि पकड़े जाने पर वे असली नाम-पता नहीं बताएंगे। इसके बदले गिरोह उनके परिवारों को आर्थिक सहायता और कानूनी मदद (जमानत) प्रदान करता था। ईद के नाम पर फंडिंग: जुबेर को 15 मार्च को हावड़ा के एक होटल में 1,00,000 की रकम मिलनी थी, जिसे जेल में बंद ड्राइवरों के परिवारों को ‘ईद’ की सहायता के रूप में बांटा जाना था।
अपराधिक इतिहास और गिरफ्तारी
गिरफ्तार अभियुक्त जुबेर हुसैन शेख (निवासी औरंगाबाद, महाराष्ट्र) पर सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज थाने सहित बिहार के पूर्णिया जिले के विभिन्न थानों (मारंगा, वायसी, सरसी) में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस की एसआईटी टीम ने उसे हावड़ा के लिलुआ क्षेत्र से गिरफ्तार किया और ट्रांजिट रिमांड पर सोनभद्र लेकर आई है।
सराहनीय भूमिका निभाने वाली टीम इस बड़े खुलासे में निम्नलिखित अधिकारियों की मुख्य भूमिका रही निरीक्षक सदानन्द राय प्रभारी निरीक्षक ओबरा/एसआईटी प्रमुख, उ0नि0 मानवेन्द्र सिंह चौकी प्रभारी सुकृत, मु0आ0 प्रकाश सिंह (सर्विलांस सेल मु0आ0 मनीष सिंह एसओजी टीम शामिल रहे।

