शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, ओबरा पुलिस की कार्रवाई

ओबरा (सोनभद्र)। सोनभद्र पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ लंबे समय तक दुष्कर्म करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी युवती को शादी का भरोसा दिलाकर कई वर्षों तक शारीरिक शोषण करता रहा और बाद में वादे से मुकर कर फरार हो गया था।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, पनारी टोला (फफराकुंड) की रहने वाली एक युवती ने 15 मार्च 2026 को ओबरा थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव के ही पारस गोंड (25 वर्ष), पुत्र स्व. गिरधारी गोंड ने उसे शादी का झांसा देकर लंबे समय तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी पहले से विवाहित था, इसके बावजूद वह उसे शादी का झांसा देता रहा। जब युवती ने विवाह का दबाव बनाया, तो वह साफ मुकर गया और गांव छोड़कर भाग निकला।
पुलिस की कार्रवाई
तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु.अ.सं. 49/2026 धारा 69 (BNS) के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी ओबरा अमित कुमार के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने दबिश देकर आरोपी पारस गोंड को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है। गिरफ्तारी टीम: इस कार्रवाई में मुख्य रूप से ओबरा थाना निरीक्षक शमशेर यादव, उप-निरीक्षक विष्णु प्रभा सिंह, हेड कांस्टेबल नीरज राय, अशोक यादव और अनिल कुमार गुप्ता शामिल रहे।

ये भी पढ़िए