मुठभेड़ में टूटा अंतरजनपदीय चोर गैंग का नेटवर्क, चार गिरफ्तार

दो बदमाश गोली लगने से घायल, 40 पेटी शराब, हथियार व नकदी बरामद

(राहुल गुप्ता)मिर्जापुर।जनपद में सक्रिय अंतरजनपदीय चोर गिरोह का थाना अहरौरा पुलिस ने नाटकीय अंदाज में पर्दाफाश कर दिया। बीती रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि कुल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब, हथियार, वाहन और नकदी बरामद की है।
पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि ग्राम सोनपुर में शराब की दुकान से चोरी किया गया माल पिकअप और कार के जरिए सोनभद्र ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर अहरौरा फ्लाईओवर के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने वाहन मोड़कर जंगल की ओर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में करन बिंद और गंगा राम बिंद के पैर में गोली लगी। दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। इनके पास से अवैध तमंचे, कारतूस, पिकअप वाहन, 36 पेटी देशी शराब और 68,100 रुपये नकद बरामद हुए।
घायल आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने ग्राम रामपुर ढबही स्थित एक बगीचे में छापेमारी कर मारुति सुजुकी कार से दो अन्य आरोपियों—आर्यन यादव और रामभरोस साहनी को गिरफ्तार किया। इनके पास से 4 पेटी देशी शराब और 27,200 रुपये नकद बरामद हुए।इस कार्रवाई में कुल 40 पेटी देशी शराब, दो वाहन, अवैध हथियार और 95,300 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार इस गिरोह के खिलाफ मिर्जापुर व सोनभद्र जनपदों में कुल 7 मुकदमों का खुलासा हुआ है।पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

रेकी कर करते थे वारदात

गिरोह के सदस्य पहले क्षेत्र में 2-3 दिन तक रेकी करते थे और खाली मकानों व दुकानों को निशाना बनाते थे। चोरी के दौरान मोबाइल फोन बंद रखते थे, जिससे लोकेशन ट्रेस न हो सके। चोरी का माल मुगलसराय स्थित एक वेयरहाउस में जमा कर बिहार में खपाया जाता था।

ये भी पढ़िए