घोरावल (सोनभद्र)। जनपद में गोवंश तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे कड़े अभियान के तहत घोरावल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शनिवार को चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक पिकअप वाहन से क्रूरता पूर्वक ले जाए जा रहे 10 गोवंशों को मुक्त कराते हुए झारखंड निवासी चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
फुलवारी चौराहे पर हुई घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) व क्षेत्राधिकारी घोरावल के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम शनिवार को संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान फुलवारी चौराहे के पास एक संदिग्ध पिकअप (UP64 BT 2007) को रुकने का इशारा किया गया। तलाशी लेने पर वाहन के अंदर 05 गाय और 05 बछड़े बेहद क्रूरता के साथ लदे हुए पाए गए।

झारखंड ले जाने की थी योजना
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इन गोवंशों को अवैध रूप से बिक्री के लिए झारखंड ले जा रहे थे। पुलिस ने चारों अभियुक्तों के विरुद्ध पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर उन्हें जेल भेज दिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण: पुलिस द्वारा पकड़े गए सभी आरोपी झारखंड के रहने वाले हैं: विजय कुमार रजत (नवाडीह, गढ़वा) सुरेन्द्र बैठा (करचा, गढ़वा) उमेश कुमार बैठा (बलिगढ़, गढ़वा) राजेश बिन्द (बलिगढ़, गढ़वा) पुलिस टीम की सराहना इस कार्यवाही को अंजाम देने वाली टीम में घोरावल थाने के उ0नि0 आशुतोष राय (चौकी प्रभारी उम्भा), उ0नि0 सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल मो0 एजाज खान, एहसान खान और कांस्टेबल शिवम सिंह व सुनील कुमार यादव शामिल रहे।

