डीएम चर्चित गौड़ का बड़ा फैसला: नई हिंदुआरी में बनेगी हाईटेक आत्मनिर्भर गौशाला

डीएमएफ फंड से नई हिंदुआरी में होगा निर्माण, वर्मी कम्पोस्ट यूनिट से होगी आय; बेसहारा गोवंश संरक्षण को मिलेगा स्थायी समाधान

सोनभद्र, । प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप निराश्रित एवं बेसहारा गोवंश के संरक्षण को लेकर सोनभद्र जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने नई हिंदुआरी में डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन (डीएमएफ) फंड से 1 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से आत्मनिर्भर वृहद गौशाला के निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी है। निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस आधुनिक गौशाला का उद्देश्य निराश्रित एवं बेसहारा गोवंश के संरक्षण, संवर्धन और उनके सुरक्षित पुनर्वास की स्थायी व्यवस्था विकसित करना है। परियोजना के तहत गोवंश के लिए दो आधुनिक शेड बनाए जाएंगे, जिन पर लगभग 82.88 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं वर्षभर चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 12.67 लाख रुपये की लागत से चारा भंडारण कक्ष भी बनाया जाएगा।
गौशाला को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए परिसर में करीब 15 लाख रुपये की लागत से वर्मी कम्पोस्ट यूनिट स्थापित की जाएगी। गोबर से तैयार जैविक खाद की बिक्री से होने वाली आय का उपयोग गोवंश के चारा, पेयजल, उपचार एवं अन्य व्यवस्थाओं पर किया जाएगा, जिससे गौशाला का संचालन लंबे समय तक बिना आर्थिक बाधा के किया जा सके।
डीएम चर्चित गौड़ ने कहा कि गौशाला में गोवंश के लिए स्वच्छ पेयजल, नियमित टीकाकरण, पशु चिकित्सा सुविधा तथा समुचित देखभाल की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल गोवंश संरक्षण को नई मजबूती देगी, बल्कि जैविक खेती को बढ़ावा, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में भी मील का पत्थर साबित होगी।

ये भी पढ़िए