यूपी-112 के वाहनों से लेकर दंगा नियंत्रण उपकरणों तक की हुई सघन चेकिंग, मेस का भोजन चखा, बैरक और सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सोनभद्र। जनपद की पुलिस व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त, अनुशासित एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क में आयोजित साप्ताहिक शुक्रवार परेड का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों और जवानों को स्पष्ट संदेश दिया कि अनुशासन, फिटनेस और संसाधनों की तत्परता से कोई समझौता नहीं होगा। एसपी ने परेड की सलामी लेने के बाद जवानों की शारीरिक दक्षता, अनुशासन एवं कार्यकुशलता का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिसकर्मियों से दौड़ और टोलीवार ड्रिल कराकर उनकी शारीरिक क्षमता और टीम भावना को परखा। उन्होंने कहा कि हर पुलिसकर्मी को हर परिस्थिति में तत्पर, अनुशासित और जनता की सेवा के लिए सदैव तैयार रहना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने यूपी-112 एवं जनपद के विभिन्न थानों से आए पुलिस वाहनों की तकनीकी स्थिति की गहन जांच की। दंगा नियंत्रण उपकरण, वायरलेस सेट, प्राथमिक उपचार किट, अग्निशमन यंत्र सहित सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता और कार्यशीलता का परीक्षण किया गया। वाहन चालकों को नियमित रख-रखाव, समय-समय पर तकनीकी परीक्षण तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने क्वार्टर गार्ड, परिवहन शाखा, स्टोर, मेस, गैस गोदाम, बैरक एवं पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई, सुरक्षा मानकों, अभिलेखों के रख-रखाव और व्यवस्थाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। मेस में तैयार भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की स्वयं जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों को बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए। एसपी अभिषेक वर्मा ने कहा कि एक सक्षम और प्रभावी पुलिस बल की पहचान केवल अपराध नियंत्रण से नहीं, बल्कि उसके अनुशासन, संसाधनों की तैयारी और कार्य संस्कृति से भी होती है। नियमित निरीक्षण का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक आधुनिक, सुदृढ़ और जनहित के प्रति संवेदनशील बनाना है, ताकि आम नागरिकों को हर परिस्थिति में त्वरित एवं बेहतर पुलिस सेवा मिल सके।

