ग्राम प्रधान की पहल पर विशेषज्ञ डॉक्टरों ने की जांच, नि:शुल्क दवाइयों का वितरण
(मदन मोहन, नौगढ़)चंदौली : नौगढ़ विकास खंड के ग्राम पंचायत सेमरा कुशही में रविवार को ग्रामीणों के लिए विशाल निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। ग्राम प्रधान गुरु प्रसाद यादव के सौजन्य से उनके आवास पर आयोजित इस शिविर में फातिमा हॉस्पिटल, अलीनगर के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने लगभग 150 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा उन्हें मुफ्त दवाइयों का वितरण किया।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं और बुजुर्गों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। चिकित्सकों ने मरीजों की गंभीरता से जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया और बेहतर उपचार के लिए मार्गदर्शन भी किया। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को देखते हुए इस पहल की लोगों ने सराहना की।
फातिमा हॉस्पिटल के डॉ. आशुतोष पांडे ने बताया कि अस्पताल का उद्देश्य केवल उपचार करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों से किसी प्रकार की अवैध वसूली नहीं की जाती और बेहद वाजिब खर्च में उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने ग्रामीणों से अस्पताल की सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं चकिया के पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार एडवोकेट ने स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के नि:शुल्क शिविर समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि फातिमा हॉस्पिटल कम खर्च में बेहतर इलाज उपलब्ध कराने वाला विश्वसनीय संस्थान है और जरूरतमंद लोगों को इसका लाभ अवश्य लेना चाहिए।
शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने डॉक्टरों द्वारा दिए गए समय, व्यवहार और नि:शुल्क दवा वितरण की सराहना करते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया। ग्राम प्रधान गुरु प्रसाद यादव ने फातिमा हॉस्पिटल की पूरी टीम एवं मुख्य अतिथि का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया।

