चंदौली में हुड़दंगियों पर पुलिस का डंडा, 27 के खिलाफ BNS की धारा 292 में कार्रवाई

(मदन मोहन)चंदौली। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ चकरघट्टा पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस ने मंगलवार को सघन चेकिंग अभियान चलाकर ऐसे 27 अराजक तत्वों का चालान किया। सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 292 के तहत कार्रवाई की गई।
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करने, बिना वजह घूमने और माहौल खराब करने वाले लोगों को पुलिस ने हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की। पुलिस की इस कार्रवाई से सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर उत्पात मचाने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि सार्वजनिक स्थलों पर नशे में हुड़दंग अथवा शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


27 लोगों पर हुई कार्रवाई


चकरघट्टा पुलिस के अनुसार कार्रवाई की जद में आने वाले 27 लोगों में चकरघट्टा, नौगढ़ क्षेत्र के अलावा सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के निवासी भी शामिल हैं। सभी के विरुद्ध नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर अराजकता न फैलाएं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। पुलिस ने चेतावनी दी कि भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ सघन अभियान जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़िए