अनपरा, सोनभद्र। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अनपरा पुलिस ने एक और प्रभावी कार्रवाई करते हुए तीन वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से फरार एवं वांछित अभियुक्तों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के कुशल मार्गदर्शन में थाना अनपरा पुलिस लगातार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चला रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस टीम ने तीन वारंटी अभियुक्तों को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अहमद (36 वर्ष) पुत्र सुभान खान निवासी ममुआर डिबुलगंज, चांद खान (26 वर्ष) पुत्र सत्तार खान निवासी डिबुलगंज तथा परीखा सिंह (52 वर्ष) पुत्र जगदीश सिंह, मूल निवासी जनेतुआ थाना माली जनपद औरंगाबाद (बिहार), हाल निवासी रेनूसागर गरबन्धा थाना अनपरा शामिल हैं। पुलिस ने तीनों अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक अशोक सिंह, उपनिरीक्षक बहादुर सिंह, कांस्टेबल अजीत यादव एवं कांस्टेबल शशिभूषण शामिल रहे। अनपरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। वारंटी, वांछित एवं फरार अभियुक्तों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर कानून का पालन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे।

