5 घंटे झाड़-फूंक में गंवाया समय, रसेल वाइपर के डसने से वृद्ध की हालत बिगड़ी; अस्पताल में उपचार जारी

जितेंद्र कुमार चन्द्रवंशी

दुद्धी, सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के बघाडू गांव में गुरुवार को सर्पदंश का एक गंभीर मामला सामने आया। शौच के लिए घर से बाहर गए एक वृद्ध को घास में छिपे रसेल वाइपर (Russell’s Viper) ने डस लिया। घटना के बाद परिजनों ने करीब पांच घंटे तक झाड़-फूंक के भरोसे इलाज कराया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। बाद में एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी लाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बघाडू निवासी जगदीश (50 वर्ष), पुत्र स्व. रामदेव गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे घर के बाहर शौच के लिए गए थे। इसी दौरान घास में छिपे रसेल वाइपर ने उनके बाएं पैर में काट लिया। सर्पदंश के बाद परिजनों ने तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराना शुरू कर दिया।
करीब चार से पांच घंटे बाद जब पैर में तेजी से सूजन बढ़ने लगी और उनकी स्थिति बिगड़ने लगी, तब परिजनों ने 102 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस चालक हीरालाल मौके पर पहुंचे और मरीज को सुरक्षित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया।
सीएचसी में चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह ने तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया। चिकित्सक ने बताया कि सर्पदंश के बाद समय पर अस्पताल नहीं पहुंचने के कारण संक्रमण और घाव की गंभीरता बढ़ सकती है। फिलहाल मरीज की स्थिति नियंत्रण में है और उसका उपचार जारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या अंधविश्वास में समय न गंवाएं, बल्कि तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय उपचार कराएं, क्योंकि समय पर इलाज ही मरीज की जान बचा सकता है।

ये भी पढ़िए