फरार वारंटी की खत्म हुई फरारी, अनपरा पुलिस ने किया गिरफ्तार

अनपरा (सोनभद्र)। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना अनपरा पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक पुराने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के मार्गदर्शन में थाना अनपरा पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार थाना अनपरा पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 446/2015 (राज्य बनाम मनोज कुमार साहनी), धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट से संबंधित वारंटी अभियुक्त विकास कुमार चौहान पुत्र रमाशंकर चौहान, निवासी रेनुसागर, थाना अनपरा, जनपद सोनभद्र, लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने गुरुवार (30 जुलाई 2026) को उसके ठिकाने पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जयशंकर राय तथा आरक्षी नृपत (थाना अनपरा) शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

ये भी पढ़िए