साइबर ठगों पर पुलिस का वार, पीड़ित के खाते में वापस आए ₹13 हजार

सोनभद्र। साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनभद्र पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थाना शक्तिनगर साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक पीड़ित के खाते में ₹13,000 की पूरी धनराशि सफलतापूर्वक वापस कराई। पुलिस की इस तत्पर कार्रवाई से एक बार फिर यह साबित हुआ कि समय पर शिकायत दर्ज कराने पर साइबर ठगी की रकम वापस मिल सकती है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के दिशा-निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के कुशल पर्यवेक्षण में संपन्न हुई।
पुलिस के अनुसार चिल्काटांड, थाना शक्तिनगर निवासी राजेश गुप्ता साइबर ठगी का शिकार हो गए थे। अज्ञात साइबर अपराधी ने उनके बैंक खाते से ₹13,000 की धनराशि धोखाधड़ी कर निकाल ली थी। शिकायत मिलते ही थाना शक्तिनगर साइबर टीम तत्काल सक्रिय हुई और संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर धनराशि को होल्ड कराया। इसके बाद एमआरएम पोर्टल के माध्यम से आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए पूरी राशि पीड़ित के मूल बैंक खाते में वापस करा दी गई।
अपने खाते में पूरी धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने राहत की सांस ली और सोनभद्र पुलिस, पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) तथा थाना शक्तिनगर साइबर टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनकी त्वरित एवं प्रभावी कार्यशैली की सराहना की।
इस सराहनीय कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र कुमार राय, साइबर प्रभारी उपनिरीक्षक रंजित कुमार तथा महिला कांस्टेबल नीलम सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सोनभद्र पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति साइबर धोखाधड़ी का शिकार होता है तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर सूचना मिलने पर ठगी गई धनराशि वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।

ये भी पढ़िए