एबीसी सेंटर के लिए भूमि चिन्हांकन में तेजी, जनोपयोगी कार्यों को मिलेगी प्राथमिकता : डीएम

मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना व 15वें वित्त आयोग के प्रस्तावों की समीक्षा, दो दिन में नए प्रस्ताव देने के निर्देश

सोनभद्र, : जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना, वंदन योजना तथा 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी नगरीय निकायों के अधिशासी अधिकारियों एवं मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने भाग लिया।
बैठक में शासन के निर्देशानुसार एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) सेंटर की स्थापना के लिए उपयुक्त भूमि के चिन्हांकन की प्रक्रिया में तेजी लाने और आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना एवं 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत नगर निकायों द्वारा भेजे गए विकास प्रस्तावों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने वंदन योजना के तहत चुर्क नगर पंचायत स्थित शीतला माता मंदिर में अवस्थापना सुविधाओं के विकास एवं सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश संबंधित अधिशासी अधिकारी को दिए।
समीक्षा के दौरान जिन प्रस्तावों को योजना की गाइडलाइन के अनुरूप नहीं पाया गया, उन्हें निरस्त करते हुए उनकी जगह दो दिनों के भीतर नियमों के अनुरूप नए जनोपयोगी प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के अंतर्गत ऐसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाए, जिनसे नगरों में स्वच्छता, आधारभूत सुविधाएं, सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं में प्रभावी सुधार हो तथा आमजन को सीधे लाभ मिले।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की सभी योजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए, ताकि विकास कार्यों का लाभ समय पर जनता तक पहुंच सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वागीश कुमार शुक्ला, जनपद के सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी तथा संबंधित अवर अभियंता उपस्थित रहे।

ये भी पढ़िए