शातिर चोर चढ़ा पिपरी पुलिस के हत्थे, ₹20 हजार का चोरी का माल बरामद

सोनभद्र। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिपरी पुलिस ने चोरी के एक मामले का सफल अनावरण करते हुए वांछित शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब ₹20 हजार मूल्य के चोरी के कपड़े, मोबाइल फोन और ₹1,250 नगद बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरी के गिरोहों पर पुलिस ने कड़ा संदेश दिया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चल रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण एवं थानाध्यक्ष पिपरी के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार वांछित अपराधियों की धरपकड़ में जुटी हुई थी।
इसी क्रम में गुरुवार सुबह चौकी प्रभारी रेनुकूट उपनिरीक्षक जितेन्द्र सरोज अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रहे थे। तभी मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर मुर्धवा-रनटोला मार्ग स्थित पुलिया के पास घेराबंदी कर चोरी के मुकदमे में वांछित अयोध्या प्रसाद (39 वर्ष), निवासी सुपाचुआ, थाना म्योरपुर को गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से 5 जीन्स, 3 टी-शर्ट, 2 शर्ट, 1 फ्रॉक, लावा कंपनी का की-पैड मोबाइल फोन तथा ₹1,250 नगद बरामद हुए। पुलिस के अनुसार बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹20,000 है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आवश्यक धाराएं बढ़ाते हुए अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम और चोरी समेत कई गंभीर मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पिपरी पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

ये भी पढ़िए