5 अगस्त तक बढ़ी मत्स्य विभाग की योजनाओं में आवेदन की समय-सीमा, मत्स्य पालकों को मिला बड़ा अवसर

सोनभद्र,। मत्स्य पालन को बढ़ावा देने और अधिक से अधिक लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से मत्स्य विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए संचालित विभिन्न राज्य स्तरीय योजनाओं में ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर 05 अगस्त 2026 कर दी गई है। इससे अब मत्स्य पालकों, महिला स्वयं सहायता समूहों, युवाओं और नए उद्यमियों को आवेदन करने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।
सहायक निदेशक मत्स्य शुभम कश्यप ने बताया कि इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, सघन मत्स्य पालन हेतु एरेशन सिस्टम स्थापना योजना, उत्तर प्रदेश मत्स्य पालक कल्याण कोष, अंतर्देशीय खारे जल क्षेत्रों में नवीन तालाब निर्माण एवं प्रथम वर्ष निवेश योजना, उत्तर प्रदेश मोती संवर्धन योजना तथा विशिष्ट प्रजाति की मत्स्य हैचरी स्थापना योजना सहित विभाग की विभिन्न योजनाओं में निर्धारित अवधि के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि योजनाओं से संबंधित इकाई लागत, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक अभिलेख एवं दिशा-निर्देश विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध हैं। उन्होंने जनपद के मत्स्य पालकों, मत्स्य कृषकों, महिला स्वयं सहायता समूहों, युवाओं और इच्छुक उद्यमियों से अपील की कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन कर सरकार की लाभकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यालय सहायक निदेशक मत्स्य, विकास भवन, सोनभद्र से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा मत्स्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश के हेल्पलाइन नंबर 0522-2740270 पर भी योजनाओं संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

ये भी पढ़िए