सोनभद्र। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोनभद्र पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण के अंतर्गत जनपदभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं, छात्राओं और आमजन को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान मिशन शक्ति टीमों ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में संवाद कार्यक्रम आयोजित कर गुड टच-बैड टच, बाल विवाह, लैंगिक समानता, महिला एवं बाल हिंसा की रोकथाम, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी। साथ ही ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल व लिंक, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, बैंकिंग फ्रॉड तथा ओटीपी किसी के साथ साझा न करने की सलाह देकर साइबर सुरक्षा के प्रति लोगों को सतर्क किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से किसी भी आपात स्थिति या उत्पीड़न की घटना होने पर बिना संकोच हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 1091, 181, 1930 एवं 1076 का तत्काल उपयोग करने की अपील की। अभियान का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनाना है।

